धर्मशाला।
आम आदमी पार्टी के राज्य सभा सांसद राघव चड्ढा ने 6 अन्य सांसदों के साथ आम आदमी पार्टी छोड़ने का ऐलान किया है। ऐसे में आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को तगड़ा झटका लगा है। आप संसदीय दल में फूट पड़ गई है। आम आदमी पार्टी के तीन नेताओं राघव चड्ढा, संदीप पाठक ने सामूहिक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके पार्टी आलाकमान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। राघव चड्ढा ने कहा, ‘मैं सही आदमी, लेकिन गलत पार्टी में था।’
राघव चड्ढा ने कहा, ‘मैं सही आदमी हूं, लेकिन गलत पार्टी में था। इसलिए मैंने आज से अपने रास्ते अलग कर लिए हैं। राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के 10 सांसद हैं। हमने सोचा नहीं था कि ऐसी हालत होगी। आम आदमी पार्टी अपने सिद्धांतों से भटक गई है। आम आदमी पार्टी के 7 सांसदों ने आप छोड़ने का ऐलान किया है। हम सब बीजेपी में शामिल होंगे। तीन हम यहां बैठे हैं, बाकी सांसद हमारे साथ हैं। हमने पूरी प्रक्रिया माननीय अध्यक्ष को दे दी है, जो भी पेपर देने थे, वह सब जमा कर चुके हैं।
राघव चड्ढा ने कहा, ‘स्वाति मालीवाल हमारे साथ हैं। सात सांसदों ने पत्र पर साइन कर दिए हैं, हम बीजेपी में विलय करने जा रहे हैं। हमने राज्यसभा सचिवालय को सूचित कर दिया है। मुझसे बेहतर आम आदमी पार्टी को कोई नहीं जानता। मुझे जनता के मुद्दे उठाने से रोका गया। मैं आज से अपने रास्ते अलग कर रहा हूं, मेरा मकसद सिर्फ देश के लिए काम करना था। आप ने मेरी आवाज बंद की, जिसके बाद मुझे ये फैसला लेना पड़ा।’
राघव चड्ढा ने दावा किया, ‘आम आदमी पार्टी के 2 तिहाई सासंद बीजेपी में शामिल हो रहे हैं। मैंने आम आदमी पार्टी को खून-पसीने से सींची। अब मैं ऐलान कर रहा हूं कि मैं आम आदमी पार्टी से दूर हो रहा हूं। मैं इस पार्टी का फाउंडिंग मेंबर था। मुझसे ज्यादा इस पार्टी को शायद कोई जानता होगा। अब आम आदमी पुरानी पार्टी नहीं रही है। मैंने एक साल से पार्टी की गतिविधि से दूर था क्योंकि मैं उनके गुनाहों के साथ नहीं था। मैं उनकी दोस्ती के काबिल नहीं था क्योंकि उनके गलत कामों के साथ नहीं था।’
राघव चड्ढा ने आगे कहा, ‘जो पार्टी करप्शन हटाने के नाम पर बनी वो कंप्रोमाइज्ड लोगों के हाथ में है। मैं राघव चड्ढा, राजीव पाठक, संदीप मित्तल, हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, स्वाती मालिवाल और विक्रम साहनी भी बीजेपी में शामिल होंगे।’ आपको बताते चलें कि कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके निकलने के बाद राघव बीजेपी दफ्तर पहुंचे, जहां उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की है।
आप के साथ ये तीन सांसद
आम आदमी पार्टी के 10 में से 7 सांसद बीजेपी में चले गए हैं। अब बलबीर सिंह, एनडी गुप्ता और संजय सिंह ही आप में बचे हैं। इस तरह ‘आप’ पार्टी अब संसद में कमजोर हो गई है। स्वाति मालीवाल ने कहा है कि केजरीवाल के संरक्षण में आम आदमी पार्टी में करप्शन बढ़ा है। आम आदमी पार्टी अब बेलगाम हो गई है।



