राजनीतिवीडियोहिमाचल प्रदेश

हिमाचल नगर निगम चुनाव: CM सुक्खू ने कहा ‘युवा चेहरों को प्राथमिकता’

कहा, केंद्र में बैठी भाजपा की सरकार पैसों की तंगी दे रही है

धर्मशाला/ शिमला।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू मंगलवार को कांगड़ा प्रवास के दौरान मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रदेश में नगर निकाय चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं। प्रदेश अध्यक्ष जल्द ही इन आवेदनों पर विस्तृत चर्चा के बाद उम्मीदवारों की घोषणा करेंगे। उन्होंने संकेत दिया कि पार्टी कभी भी टिकटों का आवंटन कर सकती है और इसमें युवाओं के साथ-साथ लंबे समय से पार्टी के लिए काम कर रहे कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने टैक्सी ऑपरेटर यूनियन की ओर से उठाए गए एटीएस (ATS) मुद्दे पर स्पष्ट किया कि यह व्यवस्था केंद्र सरकार के वाहन पोर्टल के तहत लागू की गई है। इसमें राज्य सरकार की सीधी भूमिका नहीं है। प्रदेश सरकार ने इस विषय को केंद्र के समक्ष उठाया है, क्योंकि प्रदेश के लोग अभी पूरी तरह इस नई प्रणाली के लिए तैयार नहीं हैं। जब तक लोगों को इसकी पूरी जानकारी नहीं मिल जाती, तब तक कुछ क्षेत्रों के वाहनों को छूट दी गई है। हालांकि जहां एटीएस स्थापित हैं, वहां वाहन पासिंग इसी के माध्यम से करानी होगी। पर्यटन राजधानी से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार के लिए राज्य सरकार ने लगभग 3500 करोड़ रुपए भूमि अधिग्रहण पर खर्च किए हैं, जिसकी कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था।

प्राथमिकता के अनुसार एयरपोर्ट का विस्तार हो रहा
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि उनके मुख्यमंत्री बनने के बाद व सीएम प्राथमिकता के अनुसार ही एयरपोर्ट का विस्तार हो रहा है और कोई यह कार्य नहीं कर सकता था। केंद्र में बैठी भाजपा की सरकार पैसों की तंगी दे रही है। हम अपने संसाधनों से राजस्व अर्जित कर सरकार चला रहे हैं। सबसे पहले एयरपोर्ट का विस्तार होगा और धर्मशाला के तपोवन के समीप अंतरराष्ट्रीय स्तर का कन्वेंशन सेंटर और बनखंडी में अंतरराष्ट्रीय स्तर का चिड़ियाघर बनाने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगरोटा में म्यूजिक फाउंटेन का शिलान्यास होगा।

मैक्लोडगंज में एशिया की सबसे बड़ी जिप लाइन
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि मैक्लोडगंज में एशिया की सबसे बड़ी जिप लाइन बनेगी। कांगड़ा के गुप्ता गंगा में तीन राज्यों के जिला अध्यक्षों की ट्रेनिंग चल रही है, जिससे किस तरह आरएसएस की मूल विचारधारा का मुकाबला हमें कर सकें। राष्ट्रवाद, एकता व अखंडता की विचारधारा को आगे लाकर पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस शिविर में राहुल गांधी आ रहे हैं।

‘मुझे इसकी जानकारी नहीं’
आचार संहिता के बीच धर्मशाला नगर निगम चुनाव की ओर से विकास कार्यों के टेंडर जारी करने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे इसकी जानकारी नहीं है। अगर ऐसा हुआ है तो उन्हें रद्द किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!