राजनीतिहिमाचल प्रदेश

नगर निगम धर्मशाला चुनाव: जेठानी-देवरानी आमने-सामने

धर्मशाला।

धर्मशाला नगर निगम चुनाव-2026 में इस बार अनोखी तस्वीर लेकर सामने आया है। वार्ड नंबर-7 में एक ही परिवार की जेठानी और देवरानी आमने-सामने चुनाव मैदान में उतर गई हैं। एक प्रत्याशी को भाजपा ने टिकट दिया है तो दूसरी कांग्रेस की उम्मीदवार हैं। इससे इस वार्ड का मुकाबला बेहद दिलचस्प और चर्चा का विषय बन गया है।

घर के अंदर मुकाबला
वार्ड नंबर-7 से भाजपा ने आशु को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने शिवानी भारद्वाज को टिकट दिया है। दोनों रिश्ते में जेठानी-देवरानी हैं। ऐसे में चुनावी लड़ाई अब केवल दो पार्टियों के बीच नहीं, बल्कि एक ही परिवार के भीतर भी देखी जा रही है। स्थानीय लोग भी इस मुकाबले को लेकर खासा उत्साहित हैं।

उम्मीदवारों ने जताया भरोसा
कांग्रेस उम्मीदवार शिवानी भारद्वाज ने कहा कि उन्हें पार्टी का टिकट मिलने की खुशी है और साथ ही इस बात की भी खुशी है कि उनकी जेठानी भी चुनाव लड़ रही हैं। वे पूरी मेहनत से चुनाव जीतने की कोशिश करेंगी। भाजपा उम्मीदवार आशु ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि पार्टी उन्हें टिकट देगी। पार्टी ने जो भरोसा उन पर जताया है, वे उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगी।

बता दें कि नगर निगम चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब आगे की प्रक्रिया के तहत जांच और नाम वापसी होगी। इसके बाद अंतिम उम्मीदवारों की सूची जारी की जाएगी और चुनाव प्रचार तेज होगा।

वाल्मीकि समुदाय की नाराजगी
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद वार्ड में विरोध के स्वर भी सुनाई देने लगे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि क्या इस वार्ड में कोई अन्य योग्य उम्मीदवार नहीं था, जो दोनों पार्टियों ने एक ही परिवार की महिलाओं को टिकट दे दिया। वाल्मीकि सभा के प्रधान रमन कुमार ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जब वार्ड को एससी महिला के लिए आरक्षित किया गया था, तो इस समुदाय से किसी को टिकट क्यों नहीं दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दल वाल्मीकि समाज को केवल वोट बैंक के रूप में देखते हैं। समुदाय इस बार किसी स्वतंत्र उम्मीदवार को समर्थन दे सकता है।

कांग्रेस नेता देवेंद्र जग्गी ने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में आया है और वे जल्द ही समुदाय के लोगों से बातचीत करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस सभी वर्गों को साथ लेकर चलने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं भाजपा नेता सुधीर शर्मा ने कहा कि उनकी पार्टी ने किसी समुदाय की अनदेखी नहीं की है। उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर-5 से वाल्मीकि समुदाय की अरुणा कुमारी को टिकट दिया गया है। यदि किसी प्रकार की नाराजगी है, तो उसे बातचीत के जरिए दूर किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!