चुनावराजनीतिहिमाचल प्रदेश

जिस पार्टी की अपनी कोई गारंटी नहीं वो फिर जनता को कर रही गुमराह: जयराम

पालमपुर नगर निगम में प्रत्याशी जनसमर्थन चुनावी सभा में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष का कांग्रेस पर तीखा हमला

पालमपुर।

जिस पार्टी की अपनी कोई गारंटी नहीं रह गई है, वह जनता को गुमराह करने के लिए फिर से झूठी गारंटियां बांट रही है। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने रविवार को नगर निगम पालमपुर में एक विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कही। जयराम ठाकुर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर कड़ा प्रहार कर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज हिमाचल प्रदेश की स्थिति ऐसी हो गई है जैसे इसे कोई अपरिपक्व छात्र नेता चला रहा हो, जो विकास के बजाय समोसे खो जाने पर पुलिस जांच बैठाने और सोशल मीडिया पर लिखने वाले पत्रकारों व नेताओं पर एफआईआर करने में व्यस्त है।

जयराम ठाकुर ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि पालमपुर जैसे शांत इलाके में दिनदहाड़े बस स्टैंड पर युवती पर दराट से हमला होना और सरकाघाट में कॉलेज जा रही छात्रा का मर्डर जैसी घटनाएं यह दर्शाती हैं कि सरकार का प्रशासन पर कोई नियंत्रण नहीं है।

भाजपा ने सुप्रीम कोर्ट तक लड़कर रुकवाया
जयराम ठाकुर ने पालमपुर कृषि विश्वविद्यालय की 114 हेक्टेयर जमीन को पर्यटन के नाम पर अपने ‘मित्रों’ को बेचने के फैसले को प्रदेश के बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया और कहा कि जिस पालमपुर की धरती से राम मंदिर निर्माण का ऐतिहासिक प्रस्ताव पारित हुआ था, उसी पवित्र स्थान से कांग्रेस ने ‘हिमाचल ऑन सेल’ की शुरुआत कर दी है है। इसे भाजपा ने सुप्रीम कोर्ट तक लड़कर रुकवाया।

दोनों जहां भी प्रचार करने जाते हैं वहां
जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुक्खू की तुलना राहुल गांधी से करते हुए तंज कसा कि दोनों जहां भी प्रचार करने जाते हैं, वहां कांग्रेस का सफाया निश्चित हो जाता है। उन्होंने जनता को याद दिलाया कि कांग्रेस ने ग्रामीण इलाकों को नगर निगम से बाहर करने और 10 वर्षों तक कोई नया टैक्स न लगाने का वादा किया था, लेकिन साढ़े तीन साल बीत जाने के बाद भी न तो क्षेत्र बाहर किए गए और न ही जनता को टैक्स से राहत मिली, बल्कि नए टैक्स थोपे जा रहे हैं।

15 वर्षों से शहर का विकास ठप
जयराम ठाकुर ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार आने पर जनभावनाओं का सम्मान करते हुए ग्रामीण इलाकों को उनकी इच्छा के अनुसार निगम से बाहर रखा जाएगा और शहरों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने पालमपुर के स्थानीय विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि 15 वर्षों से शहर का विकास ठप पड़ा है और केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत 127 करोड़ की सीवरेज योजना में भी बड़ा घोटाला किया गया है, जहां पाइप बिछाने से पहले ही चहेतों को फायदा पहुंचाने के लिए टाइलें लगा दी गईं और फिर उन्हें उखाड़ा गया।

दो सीटों से भी सरकार बनाने का सामर्थ्य
जयराम ठाकुर ने बेसहारा पशुओं, पार्किंग और अन्य मूलभूत सुविधाओं के अभाव के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया और दावा किया कि भाजपा पालमपुर के सर्वांगीण विकास के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा दो सीटों से भी सरकार बनाने का सामर्थ्य रखती है और आने वाले समय में पालमपुर की जनता कांग्रेस को इसका करारा जवाब देगी। इस अवसर पर भाजपा प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सांसद राजीव भारद्वाज, विधायक विपिन परमार और त्रिलोक कपूर सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे, जिन्होंने एकजुट होकर भाजपा की जीत का आह्वान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!