कांग्रेस का BJP पर पलटवार, झूठे आरोपों पर देंगे मानहानि का नोटिस: देवेंद्र जग्गी
धर्मशाला।
भाजपा नेता द्वारा वीरवार को धर्मशाला में की गई झूठी टिप्पणी पर धर्मशाला से कांग्रेस नेता और पूर्व मेयर देवेंद्र जग्गी ने शुक्रवार को पलटवार कर दिया। धर्मशाला में आयोजित प्रेसवार्ता में देवेंद्र जग्गी ने कहा कि उनके द्वारा भाजपा नेता को नोटिस भेजा जा रहा है और नेता ने सार्वजनिक माफी नहीं मांगी तो मानहानि का दावा करूंगा।
देवेंद्र जग्गी ने कहा कि भाजपा नेता ने कई आरोप नगर निगम को लेकर लगाए हैं, जोकि तथ्यों से पूरी तरह से परे हैं। भाजपा नेता द्वारा नगर निगम के हाउस न होने को लेकर कही गई बात पर जग्गी ने कहा कि धर्मशाला में भाजपा के विधायक हैं। जब भी नगर निगम की बैठक होती है तो उन्हें भी इसमें शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाता है। यदि हाउस नहीं हुआ तो विधायक ने सवाल क्यों नहीं उठाए।
जग्गी ने भाजपा के नगर निगम चुनाव को लेकर जारी चुनावी घोषणा पत्र को झूठ का पुलिंदा करार देते हुए कहा कि भाजपा ने बिना किसी बजट के ये सारे चुनावी वादे किए हैं, जिन्हें वह कभी भी पूरा नहीं कर सकेगी। जग्गी ने कहा कि इसके विपरीत कांग्रेस ने पूरे बजट के प्रावधान के साथ अपने चुनावी घोषणा पत्र को तैयार किया है तथा नगर निगम की सत्ता संभालने के बाद इन सभी किए गए वादों को पूरा किया जाएगा। कांग्रेस के चुनावी घोषणा पत्र में सभी वादे लोगों की जरूरतों और युवाओं को ध्यान में रख कर किए गए हैं।
जग्गी ने कहा कि जिला के अध्यापक उनसे मिले थे। इस दौरान उन्होंने 30 किलोमीटर दूर तबादले की शर्त को खत्म करने की बात कही थी। इस पर मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि अध्यापकों के हित के चलते इसे 15 से 18 किलोमीटर तक किया जाएगा।
केंद्र में आवाज नहीं उठा सके 7 सांसद : अनुराग
राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि हिमाचल से भाजपा के 7 सांसद थे, लेकिन वे केंद्र में हिमाचल के हक के लिए आज दिन तक आवाज नहीं उठा सके। सीवरेज प्रणाली को धर्मशाला में स्थापित करने के लिए जिस समय डीपीआर तैयार की गई थी, उसकी कीमत 105 करोड़ रुपये थी, लेकिन आज यह बढ़ कर 179 करोड़ तक पहुंच चुकी है। इसका पैसा केंद्र सरकार से आना था, लेकिन इसे आज दिन तक नहीं दिया गया। अनुराग ने कहा कि सांसद बनने के बाद उन्होंने कांगड़ा में रेल लाइन को ब्राड गेज करने का मामला उठाया। अगर भाजपा सांसदों ने कभी इस पर कोई पत्राचार किया है तो उसका पत्र बताएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पूरे विचार विमर्श के बाद चुनावी घोषणा पत्र तैयार किया है।


