चुनावराजनीतिराष्ट्रीयहिमाचल प्रदेश

धर्मशाला के विकास का ढोंग कर रही है सुक्खू सरकार: बिक्रम ठाकुर

केंद्रीय विश्वविद्यालय के निर्माण के लिए निर्धारित ₹30 करोड़ की राशि को सरकार ने अब तक क्यों दबा रखा

धर्मशाला

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ विधायक बिक्रम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा धर्मशाला नगर निगम चुनाव के लिए जारी किए गए कांग्रेस के घोषणापत्र पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री के दावों को पूरी तरह से खोखला बताते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार केवल चुनावी लाभ के लिए विकास का ढोंग रच रही है, जबकि धरातल पर वास्तविकता इसके बिल्कुल विपरीत है।

बिक्रम ठाकुर ने मुख्यमंत्री की मंशा पर गंभीर सवाल उठाते हुए पूछा कि यदि वे धर्मशाला के विकास और यहां के युवाओं के भविष्य के प्रति तनिक भी गंभीर हैं, तो केंद्रीय विश्वविद्यालय (CU) के निर्माण के लिए निर्धारित ₹30 करोड़ की राशि को सरकार ने अब तक क्यों दबा रखा है? उन्होंने आरोप लगाया कि यह धनराशि जारी न करना इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि सुक्खू सरकार धर्मशाला की महत्वपूर्ण परियोजनाओं को राजनीतिक द्वेष के चलते बाधित कर रही है।

पूर्व मंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस को धर्मशाला के विकास की याद आने लगी है, जबकि पिछले कार्यकाल के दौरान सरकार ने केवल बजट रोकने और पुरानी योजनाओं को ठप करने का ही काम किया है। उन्होंने कहा कि धर्मशाला की जनता भली-भांति जानती है कि केंद्र की मोदी सरकार द्वारा भेजी गई स्मार्ट सिटी की योजनाओं को गति देने के बजाय प्रदेश सरकार ने उनमें अड़ंगे लगाने का काम किया है।

कांग्रेस के घोषणापत्र को ‘झूठ का पुलिंदा’ करार देते हुए बिक्रम ठाकुर ने कहा कि सत्ता में आने से पहले दी गई ’10 गारंटियों’ की तरह ही यह मैनीफेस्टो भी एक छलावा मात्र है। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वे कांग्रेस के इन हवाई वादों और विकास के पाखंड को पहचानें। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा विकास के ठोस प्रमाण और सेवा के संकल्प के साथ जनता के बीच जाएगी, क्योंकि प्रदेश की जनता अब कांग्रेस के गुमराह करने वाले विज्ञापनों और झूठी घोषणाओं से ऊब चुकी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!