धर्मशाला में खुलेगा CGHS वेलनेस सेंटर: सुधीर शर्मा
निचले हिमाचल के करीब एक लाख परिवारों को मिलेगा लाभ
धर्मशाला।
धर्मशाला के विधायक एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता सुधीर शर्मा ने कहा है कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी सेंट्रल गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (CGHS) के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में वेलनेस सेंटर खोला जाना क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
वर्तमान में हिमाचल प्रदेश में CGHS का एक वेलनेस सेंटर केवल शिमला में संचालित है और अब दूसरा वेलनेस सेंटर धर्मशाला में खुलने जा रहा है। इससे उत्तर और निचले हिमाचल क्षेत्र के लाखों नागरिकों को बड़ी स्वास्थ्य राहत मिलने वाली है।
निःशुल्क चिकित्सा परामर्श और एम्पेनल्ड अस्पतालों में उपचार
सुधीर शर्मा ने बताया कि CGHS वेलनेस सेंटर के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को निःशुल्क चिकित्सा परामर्श एवं निर्धारित दवाइयां उपलब्ध होंगी। इसके अतिरिक्त, सेंटर से रेफर किए गए मरीज CGHS के अंतर्गत सूचीबद्ध अस्पतालों में निर्धारित नियमों के अनुसार उन्नत उपचार की सुविधा प्राप्त कर सकेंगे। इससे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों या बड़े महानगरों में भटकने की आवश्यकता भी काफी हद तक कम होगी। समय और धन दोनों की बड़ी बचत होगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा का जताया आभार
सुधीर शर्मा ने कहा कि धर्मशाला में इस सुविधा का उपलब्ध होना न केवल केंद्रीय कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए राहत की बात है, बल्कि पूरे निचले हिमाचल क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में भी एक मील का पत्थर साबित होगा। सुधीर शर्मा ने इस जनहितकारी पहल के लिए देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का विशेष आभार व्यक्त किया।
सुधीर शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और आम नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार ऐतिहासिक प्रयास किए जा रहे हैं। धर्मशाला में CGHS वेलनेस सेंटर की स्थापना इसी दिशा में एक स्वर्णिम कदम साबित होगी।



