धर्मशाला नगर निगम का मास्टर प्लान: 15 बड़े प्रोजेक्ट्स को हरी झंडी, नाइट लाइफ और पर्यटन पर रहेगा विशेष जोर
ए
क्शन मोड में धर्मशाला एमसी: अवैध पोस्टरों पर 6 लाख का जुर्माना, 2 साल में 3 करोड़ बढ़ा राजस्व
धर्मशाला।
नगर निगम धर्मशाला की पहली ऐतिहासिक आम सभा शुक्रवार को मेयर शमशेर सिंह नैहरिया की अध्यक्षता में हुई। शहर के सर्वांगीण विकास का रोडमैप तैयार करने वाली इस बैठक में धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। जनभागीदारी और प्रशासनिक दक्षता पर केंद्रित इस सभा में शहर की तस्वीर बदलने वाले 12 से 15 महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी गई, जिनकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट पार्षदों के फीडबैक के आधार पर तैयार की जाएगी।
धर्मशाला नगर निगम का मास्टर प्लान: 15 बड़े प्रोजेक्ट्स को हरी झंडी, नाइट लाइफ और पर्यटन पर रहेगा विशेष जोरबैठक के उपरांत नगर निगम आयुक्त जफर इकबाल ने बताया कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और गति लाने के लिए प्रत्येक वार्ड पार्षद से उनके क्षेत्र की तीन प्रमुख प्राथमिकताएं मांगी गई हैं। पार्षदों ने मुख्य रूप से स्ट्रीट लाइट्स की मरम्मत और मानसून के दौरान जलभराव व नालियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। आयुक्त ने आश्वस्त किया कि संबंधित विभागों के समन्वय से इन समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
राजस्व में रिकॉर्ड बढ़ोतरी और सख्त अनुशासन
नगर निगम ने वित्तीय मोर्चे पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पिछले दो वर्षों में निगम ने अपने आंतरिक संसाधनों से राजस्व में 3 करोड़ रुपये की प्रभावशाली वृद्धि की है। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों के लिए केंद्र और राज्य सरकार से फंड की मांग की जाएगी। साथ ही, शहरवासियों से अपील की गई है कि वे समय पर यूजर चार्जेस का भुगतान करें। हाल ही में 3 लाख रुपये का यूजर चार्ज एकत्रित किया गया है, जबकि देरी से भुगतान करने वालों पर नियमानुसार जुर्माना भी लगाया जा रहा है।
अवैध विज्ञापनों पर प्रहार और डिजिटल पहल
शहर की सुंदरता बिगाड़ने वालों के खिलाफ निगम ने सख्त रुख अख्तियार किया है। सार्वजनिक स्थानों पर अवैध पोस्टर चिपकाने वालों पर अब तक 6 लाख रुपये के चालान किए गए हैं। शहर को आधुनिक लुक देने के लिए अब ‘डिजिटल एडवरटाइजमेंट’ प्रणाली को बढ़ावा दिया जा रहा है।
प्रॉपर्टी टैक्स और प्रशासनिक सुधार
यूनिट एरिया मेथड के तहत शहर में प्रॉपर्टी टैक्स का 90% सर्वे पूरा हो चुका है। शेष 10% घरों को कवर करने के लिए 1 अगस्त की समयसीमा तय की गई है। इसके बाद नागरिक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी देनदारियों का भुगतान कर सकेंगे। वहीं, निगम में स्टाफ की कमी को दूर करने के लिए सरकार से पत्राचार किया जा रहा है। कार्यों में देरी न हो, इसके लिए हिमुडा या लोक निर्माण विभाग (PWD) के एक्सईएन को अतिरिक्त कार्यभार सौंपने का प्रस्ताव भी रखा गया है।
पर्यटन और नाइट लाइफ को मिलेगा बढ़ावा
धर्मशाला की अर्थव्यवस्था को नई उड़ान देने के लिए एक ‘इंटीग्रेटेड टूरिज्म प्लान’ तैयार किया जा रहा है। इसके तहत पर्यटकों को शहर में प्रवेश करते ही पार्किंग और सुविधाओं की सटीक जानकारी उपलब्ध होगी। साथ ही, धर्मशाला में ‘नाइट लाइफ’ और नाइट टूरिज्म को प्रमोट करने की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि यहां आने वाले पर्यटकों को एक अनूठा अनुभव मिल सके।