राजनीतिवीडियोहिमाचल प्रदेश

स्मार्ट धर्मशाला @ 2031: देश का पहला सौर ऊर्जा संचालित नगर निगम बनने की राह पर, सुधीर शर्मा ने पेश किया मेगा विजन

बिजली बिल से मिलेगी मुक्ति और विश्वस्तरीय बनेगा पर्यटन, जानें सुधीर शर्मा का 'ड्रीम प्रोजेक्ट

धर्मशाला।

देवभूमि का प्रमुख पर्यटन केंद्र धर्मशाला आने वाले वर्षों में आधुनिकता और पर्यावरण संरक्षण की एक नई मिसाल पेश करने जा रहा है। नगर निगम धर्मशाला ने वर्ष 2031 तक शहर के कायाकल्प के लिए एक ’25 सूत्रीय विजन डॉक्यूमेंट’ तैयार किया है। धर्मशाला से भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने इस दस्तावेज़ का स्वागत करते हुए इसे शहर के सुनियोजित विकास की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम बताया है।

देश का पहला सौर ऊर्जा संचालित नगर निगम बनेगा धर्मशाला
इस विजन डॉक्यूमेंट की सबसे बड़ी प्राथमिकता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सूर्या सौर ऊर्जा कार्यक्रम’ को प्रभावी ढंग से लागू करना है। विधायक सुधीर शर्मा ने बताया कि धर्मशाला को देश का पहला ऐसा नगर निगम बनाया जाएगा, जो पूरी तरह सौर ऊर्जा से संचालित होगा। इससे न केवल स्थानीय निवासियों को भारी-भरकम बिजली बिलों से स्थायी राहत मिलेगी, बल्कि अतिरिक्त बिजली उत्पादन से उनकी आय में भी वृद्धि होगी।

धर्मशाला की वैश्विक पहचान को नया विस्तार देने के लिए ‘टूरिज्म एवं टूरिस्ट मैनेजमेंट प्लान’ के तहत चरान से भागसूनाग के बीच ‘फ्यूनिकुलर ट्रेन’ चलाने का प्रस्ताव है। इसके साथ ही, शहीद स्मारक में अत्याधुनिक लाइट एंड साउंड शो, चरण खड्ड का रिवरफ्रंट विकास, खनियारा को हेरिटेज विलेज का दर्जा और मांझी खड्ड के किनारे साइक्लिंग व वॉकिंग ट्रैक बनाने की योजना है। शहर को जाम से मुक्त करने के लिए ‘इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम’ और पर्याप्त पार्किंग सुविधाओं पर विशेष जोर दिया गया है।

जलभराव से मुक्ति और आपदा प्रबंधन पर फोकस
पहाड़ी भूगोल को ध्यान में रखते हुए, शहर के लिए एक ‘इंटीग्रेटेड ड्रेनेज मास्टर प्लान’ तैयार किया जाएगा ताकि मानसून के दौरान जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो सके। साथ ही, धंसाव प्रभावित क्षेत्रों का वैज्ञानिक अध्ययन कराकर ढलानों के स्थिरीकरण और आपदा जोखिम को कम करने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाई जाएगी।

शहरी सुविधाओं का आधुनिकीकरण
विजन-2030 के तहत धर्मशाला के डंपिंग साइट को महज एक साल के भीतर एक भव्य ‘ईको पार्क’ में बदला जाएगा। इसके अलावा, कोतवाली बाजार का पुनर्विकास, अंतरराष्ट्रीय स्तर का कन्वेंशन सेंटर, आधुनिक फल एवं सब्जी वेंडिंग मार्केट और रेहड़ी-फड़ी संचालकों के लिए समर्पित वेंडिंग जोन का निर्माण किया जाएगा।

विधायक सुधीर शर्मा ने विश्वास जताया कि यह 25 सूत्रीय रोडमैप धर्मशाला को न केवल एक स्वच्छ और सुरक्षित शहर बनाएगा, बल्कि इसे विश्वस्तरीय पर्यटन मानचित्र पर ‘स्मार्ट सिटी’ के रूप में मजबूती से स्थापित करेगा। इस योजना में पूरे निगम क्षेत्र में सीवरेज नेटवर्क का विस्तार, आवारा पशु मुक्त अभियान और शहर के प्रवेश द्वारों को आकर्षक बनाने जैसे कई महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी प्रस्ताव भी शामिल हैं।

निगम ने दो साल में बढ़ाया 3 करोड़ का राजस्व
आयुक्त ने बताया कि नगर निगम ने पिछले दो साल में अपने संसाधनों से 3 करोड़ रुपये का राजस्व बढ़ाया है। जो भी प्रोजेक्ट फाइनल किए गए हैं, उनकी डीपीआर तैयार करके केंद्र व प्रदेश सरकार से फंडस की मांग की जाएगी। हाल ही में नगर निगम ने शहरवासियों से लिए जाने वाला 3 लाख रुपये का यूजर चार्जिस एकत्रित किया है। समय पर यूजर चार्जिज का भुगतान न करने पर जुर्माना भी लगता है।

सडक़ किनारे पोस्टर पर 6 लाख के चालान
जफर इकबाल ने कहा कि शहर में लोग सडक़ किनारे पोस्टर चस्पां करने वालों को करीब 6 लाख रुपये के चालान जारी किए हैं। नगर निगम की ओर से डिजिटल एडवरटाइमेंट की व्यवस्था की गई है, इसलिए लोग यहां-वहां पोस्टर लगाने के बजाय नगर निगम से अपने संस्थान के विज्ञापन के लिए संपर्क कर सकते हैं।

प्रॉपर्टी टैक्स हेतू 90 फीसदी सर्वे पूरा
आयुक्त ने बताया कि प्रॉपर्टी टैक्स का यूनिट एरिया मैथेड से सर्वे किया गया है, जिसमें 90 फीसदी घरों को कवर किया जा चुका है। जो दस फीसदी घर बचें हैं, उन्हें एक अगस्त तक कवर किया जाएगा। एक अगस्त के बाद जो घर छूटे हैं ऐसे शहरवासी नगर निगम से संपर्क करके ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से यूजर चार्जिस ऑनलाइन दे सकते हैं।

स्टाफ की कमी बारे किया पत्राचार
आयुक्त ने बताया कि नगर निगम में स्टाफ की कमी बारे लगातार प्रदेश सरकार से पत्राचार किया जा रहा है। प्रिंसिपल सेक्रेटरी के समक्ष यह भी मामला उठाया गया है कि जब तक नगर निगम में स्थायी एक्सईएन की नियुक्ति नहीं होती, तब तक पीडब्ल्यूडी या हिमुडा के एक्सईएन को अतिरिक्त कार्यभार दिया जाए, जिससे कि नगर निगम के कार्य प्रभावित न हों।

टूरिज्म के लिए बनेगा इंटेग्रेटेड प्लान
शहर में टूरिज्म डिवेलपमेंट के लिए भी टूरिज्म प्रमोशन व टूरिज्म फेसिलिटी के लिए इंटेग्रेटेड प्लान तैयार किया जाएगा। जिससे धर्मशाला आने वाले टूरिस्ट को शहर में प्रवेश करते ही नगर निगम एरिया शुरू होने और पार्किंग एरिया की जानकारी मिल सके। इसके अलावा शहर में नाइट लाइफ को बढ़ावा देने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!