धर्मशाला में गरिमामय वातावरण में मनाया गया ‘कारगिल विजय दिवस’
कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को अर्पित की भावभीनी श्रद्धांजलि
धर्मशाला।
एच.पी. स्टेट वार मेमोरियल, धर्मशाला में आज कारगिल विजय दिवस अत्यंत श्रद्धा, सम्मान एवं सैन्य गरिमा के साथ एच.पी. स्टेट वार मेमोरियल डेवलपमेंट सोसाइटी द्वारा आयोजित किया गया। इस अवसर पर कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस, सर्वोच्च बलिदान एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण को नमन किया गया।
कार्यक्रम में लेफ्टिनेंट जनरल आकाश जौहर, एवीएसएम, जनरल ऑफिसर कमांडिंग (GOC), 9 कॉर्प्स मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ ग्रुप कैप्टन जेनामनी (भारतीय वायु सेना), ग्रुप कमांडेंट रींचन दोरजी (मैक्लोडगंज कॉर्प्स), पूर्व सैन्य अधिकारी एवं सैनिक, कांगड़ा के उपायुक्त श्री हेमराज बैरवा, डीएसपी सुश्री निशा, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जन चेतना धर्मशाला, लायंस क्लब धर्मशाला तथा अन्य सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ एच.पी. स्टेट वार मेमोरियल डेवलपमेंट सोसाइटी के अध्यक्ष कर्नल के.के.एस. डढवाल द्वारा अमर शहीदों को पुष्पचक्र एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके उपरांत उपस्थित सभी विशिष्ट अतिथियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने भी शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर वीर बलिदानियों के प्रति अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रातः लगभग 11:00 बजे मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल आकाश जौहर के वार मेमोरियल पहुंचने पर कर्नल के.के.एस. डढवाल एवं सोसाइटी के सदस्यों ने उनका सैन्य परंपराओं के अनुरूप औपचारिक स्वागत किया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर राष्ट्र के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दी।
बाद में वार मेमोरियल कार्यालय में आयोजित एक संक्षिप्त परिचयात्मक सत्र में कर्नल के.के.एस. डढवाल ने मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों को एच.पी. स्टेट वार मेमोरियल की स्थापना, उद्देश्य, गतिविधियों तथा भविष्य की विकास योजनाओं से अवगत कराया। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के सैन्य इतिहास और वीरता की गौरवशाली परंपरा को संरक्षित एवं नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए सोसाइटी द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी।
इसके उपरांत मुख्य अतिथि ने वार मेमोरियल संग्रहालय (म्यूजियम) का अवलोकन किया, जहां कर्नल डढवाल ने उनका सोसाइटी के सभी सदस्यों से परिचय कराया। संग्रहालय में प्रदर्शित सैन्य विरासत एवं ऐतिहासिक सामग्री की मुख्य अतिथि ने सराहना की तथा इसे युवाओं में राष्ट्रभक्ति एवं सैन्य मूल्यों के संवर्धन का एक महत्वपूर्ण केंद्र बताया।
मुख्य अतिथि ने राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवकों एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के कैडेट्स से संवाद करते हुए उन्हें राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे हिमाचल प्रदेश की गौरवशाली सैन्य परंपरा को आगे बढ़ाते हुए भारतीय सशस्त्र सेनाओं में अधिकाधिक संख्या में शामिल हों और देश तथा प्रदेश का गौरव बढ़ाएं।
एनसीसी कैडेट्स को संबोधित करते हुए उन्होंने सर्विसेज़ सिलेक्शन बोर्ड (SSB) की चयन प्रक्रिया की जानकारी दी तथा बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी योल सैन्य स्टेशन में उपलब्ध निःशुल्क एसएसबी प्रशिक्षण सुविधा का लाभ उठाकर अपने सैन्य करियर की तैयारी कर सकते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि ने एच.पी. स्टेट वार मेमोरियल डेवलपमेंट सोसाइटी द्वारा कारगिल विजय दिवस के गरिमामय आयोजन की सराहना की। उन्होंने कर्नल के.के.एस. डढवाल, सोसाइटी के समस्त सदस्यों तथा आयोजन से जुड़े सभी व्यक्तियों का आभार व्यक्त किया और शुभकामनाएं देते हुए वार मेमोरियल से प्रस्थान किया।
यह आयोजन शहीदों के सर्वोच्च बलिदान के प्रति राष्ट्र की कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ-साथ युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन, सेवा एवं सैन्य परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना जागृत करने का प्रेरणादायी अवसर सिद्ध हुआ।


