राजनीतिवीडियोहिमाचल प्रदेश

सरकार पर भ्रष्टाचार और पक्षपात के गंभीर आरोप

विधायक बिक्रम ठाकुर ने कहा, 'जल्द जारी होगी भाजपा की चार्जशीट'

धर्मशाला।

जसवां परागपुर के भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री बिक्रम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार, राजनीतिक पक्षपात और प्रशासनिक विफलता के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में मोटी रकम लेकर पटवारी से लेकर डीसी स्तर तक मनपसंद पोस्टिंग की जा रही हैं, जबकि कई गंभीर मामलों में सरकार और प्रशासन मौन बने हुए हैं।

बिक्रम ठाकुर ने रविवार को धर्मशाला में आयोजित पत्रकार वार्ता में आरोप लगाया कि धर्मपुर में अवैध कटान के मामले में कथित तौर पर एक नेता की संलिप्तता के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं की गई। उन्होंने बघाट बैंक घोटाले, पीडब्ल्यूडी और आईपीएच विभाग में टेंडर प्रक्रिया से पहले कार्य शुरू होने, केसीसी बैंक अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई न होने तथा कुल्लू में कथित रेव पार्टी मामले में डीसी और एसपी स्तर पर कार्रवाई नहीं होने पर भी सवाल उठाए। इसके अलावा फर्जी डिग्री प्रकरण और महिला कर्मियों द्वारा लगाए गए आरोपों के बावजूद संबंधित एसपी पर कार्रवाई न होने को लेकर भी सरकार को घेरा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार केवल भाजपा नेताओं को परेशान करने में लगी है, जबकि वास्तविक मामलों में दोषियों पर कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी भी सार्वजनिक रूप से पार्टी में गुटबाजी और कार्यशैली में सुधार की आवश्यकता स्वीकार कर चुकी हैं।

विक्रम ठाकुर ने कहा कि पार्टी जल्द ही प्रदेश सरकार के खिलाफ विस्तृत चार्जशीट तैयार करेगी, जिसमें सरकार की कथित खामियों और जनहित से जुड़े मुद्दों को जनता के सामने रखा जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से भी राजनीतिक दबाव से ऊपर उठकर नियमों और आम जनता के हितों के अनुरूप कार्य करने की अपील की।

बिक्रम ठाकुर ने मुख्यमंत्री पर लगे गंभीर आरोपों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार अपने साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल में युवाओं को रोजगार देने के वादे पूरे नहीं कर सकी और नाममात्र की भर्तियां ही हुई हैं, जबकि हर वर्ष एक लाख रोजगार देने का दावा किया गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!