दिल्ली में बिगड़ी CM सुक्खू की तबीयत, एम्स में जांच के बाद छुट्टी
दिल्ली।
हिमाचल के CM सुखविंदर सिंह सुक्खू की शनिवार को दिल्ली में अचानक तबीयत बिगड़ गई। इस पर उन्हें दोपहर के समय उपचार व जांच के लिए एम्स नई दिल्ली ले जाया गया, जहां चिकित्सकीय परीक्षण के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। इसके बाद मुख्यमंत्री सुक्खू हिमाचल सदन लौट आए।
सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री सुक्खू रविवार को शिमला लौट सकते हैं। तबीयत बिगड़ने की सूचना के बाद शिमला से उनके साथ दिल्ली गए कैबिनेट मंत्री अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना हो गए हैं। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री सुक्खू पूरी कैबिनेट के साथ 19 फरवरी को दिल्ली पहुंचे थे और 20 फरवरी को उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ बैठक की थी। इस बैठक में RDG (राजस्व घाटा अनुदान) बंद किए जाने से हिमाचल की बिगड़ती वित्तीय स्थिति पर चर्चा हुई। कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल इन विषयों को राज्यसभा में उठाएंगी।
बैठक में मुक्त व्यापार समझौते (FTA) से सेब बागवानों को होने वाले संभावित नुकसान का मुद्दा भी उठाया गया। सूत्रों का कहना है कि RDG बंद होने से प्रदेश को सालाना करीब 10 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो सकता है, जिससे सरकार को आगामी बजट में कटौती करनी पड़ सकती है। इसी अनुदान की बहाली की मांग को लेकर मुख्यमंत्री कैबिनेट सहित दिल्ली गए थे। फिलहाल मुख्यमंत्री सुक्खू की तबीयत में सुधार बताया जा रहा है और चिकित्सकों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है।



