क्राइमहिमाचल प्रदेश

देवी दर्शनों को मोटरसाइकिलों पर उमड़ रहे पंजाब के श्रद्धालु

यातायात नियमों की अवहेलना पर पुलिस की नजर

धर्मशाला।

जिला कांगड़ा में स्थित शक्तिपीठों में मोटरसाइकिलों पर पंजाब के श्रद्धालु देवी दर्शनों को उमड़ रहे हैं। आलम यह है की हर दिन हजारों दो पहिया वाहन जिला में प्रवेश कर रहे हैं। दो पहिया वाहनों में आ रहे लोगों द्वारा यातायात नियमों की अवहेलना पर पुलिस नजर रख रही है, साथ ही चालकों को जागरूक करने के साथ चालान की कार्रवाई भी की जा रही है। बड़ी संख्या में बाइक सवारों के आने से जहां प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर भीड़ बढ़ रही है, वहीं ट्रिपल राइडिंग, ओवरस्पीडिंग और बाइकों पर फ्लैग लगाने जैसी गतिविधियों को लेकर सड़क सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहे हैं। इसी बीच कांगड़ा और मैक्लोडगंज में ट्रैफिक जाम की समस्या भी सामने आ रही है।

एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि पिछले दिन ही करीब 1500 से 2000 बाइकर्स ने कांगड़ा जिले में प्रवेश किया। बड़ी संख्या में बाइकर्स के पहुंचने से मैक्लोडगंज और कांगड़ा शहर में जाम की स्थिति बनी।

एसपी ने बताया कि बरसात के कारण मैक्लोडगंज रोड और कांगड़ा- समेला मुख्य मार्ग पर कुछ स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त हुई है और मरम्मत का कार्य चल रहा है। इसके चलते भी यातायात प्रभावित हो रहा है।

जाम से निपटने के लिए पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की जा रही है। एसपी कुलभूषण वर्मा ने कहा कि मामले को पीडब्ल्यूडी विभाग के समक्ष भी उठाया गया है, ताकि सड़क संबंधी समस्या का जल्द समाधान हो सके। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस स्टाफ की तैनाती की जा रही है।

पुलिस ने बाइक सवारों से यातायात नियमों का पालन करने, ओवरस्पीडिंग और ट्रिपल राइडिंग से बचने तथा मोटरसाइकिलों पर उमड़ रहे पंजाब के श्रद्धालु पर सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!