धर्मशाला में पहली बार रक्षा बंधन पर वन विभाग की अनूठी पहल
50% से अधिक पौधे जीवित रहने पर महिला-युवक मंडलों को मिलेगा ₹1 लाख तक प्रोत्साहन
धर्मशाला।
बरसात के मौसम में धर्मशाला वन मंडल की ओर से पौधारोपण अभियान को गति दी गई है। विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत वन मंडल के अलग-अलग क्षेत्रों में बड़े स्तर पर पौधारोपण किया जा रहा है।
डीएफओ धर्मशाला अमित शर्मा ने बताया कि इस वर्ष कंपन्सेट्री अफॉरेस्टेशन के तहत करीब 70 हेक्टेयर क्षेत्र में लगभग 80 हजार पौधे लगाए गए हैं। वहीं, एनपीवी योजना के तहत 103 हेक्टेयर क्षेत्र में करीब एक लाख पौधे रोपे गए हैं। यह पौधारोपण शाहपुर, कांगड़ा और धर्मशाला सब-डिवीजन के विभिन्न क्षेत्रों में किया गया है।
डीएफओ शर्मा ने बताया कि सरकार की राजीव गांधी वन संवर्धन योजना के तहत धर्मशाला वन मंडल को इस बार 70 हेक्टेयर क्षेत्र मिला है। इस योजना के तहत महिला मंडलों, युवक मंडलों और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से पौधारोपण करवाया जाएगा। यह एक प्रोत्साहन आधारित योजना है। यदि लगाए गए पौधों में एक वर्ष बाद 50 प्रतिशत से अधिक पौधे जीवित पाए जाते हैं, तो संबंधित महिला मंडल, युवक मंडल या स्वयं सहायता समूह को अगले वर्ष एक लाख रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
अमित शर्मा ने बताया कि पिछले वर्ष भी इस योजना के तहत 28 हेक्टेयर क्षेत्र में पौधारोपण किया गया था। इसके साथ ही वन विभाग की ओर से वन महोत्सव भी आयोजित किए जा रहे हैं और विधानसभा क्षेत्रवार भी पौधारोपण कार्यक्रम किए जा रहे हैं। 27 अगस्त की शाम सतोबरी में ‘वृक्षाबंधन’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें पौधारोपण के साथ पौधों को राखी बांधकर उनकी रक्षा और सुरक्षा का संकल्प लिया जाएगा। इस कार्यक्रम में वन विभाग के परिवारों के साथ मीडिया कर्मियों को भी शामिल किया जाएगा।



