राजनीति

हास्य का पात्र बन गए हैं CM सुक्खू, पहले 10 गारंटियां पूरी करें फिर विपक्ष को कोसें : विश्व चक्षु

जनता ने मुख्यमंत्री चुना है, जनता को विकास चाहिए, राजनीतिक मनोरंजन नहीं,

धर्मशाला।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोलते हुए हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी व पूर्व मुख्यमंत्री के मीडिया को-ऑर्डिनेटर रहे एडवोकेट विश्व चक्षु ने कहा कि मुख्यमंत्री अब राजनीतिक गंभीरता छोड़कर हास्य का पात्र बनते जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को अपनी गरिमा का ध्यान रखना चाहिए, लेकिन मुख्यमंत्री लगातार हल्की राजनीति, व्यक्तिगत टिप्पणियों और विपक्ष पर कटाक्ष करने में व्यस्त दिखाई दे रहे हैं।

विश्व चक्षु ने कहा कि मुख्यमंत्री को प्रदेश की जनता द्वारा दिए गए जनादेश का सम्मान करना चाहिए और अपनी ऊर्जा राजनीतिक बयानबाजी के बजाय विकास कार्यों में लगानी चाहिए। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश आज वित्तीय संकट, बदहाल सड़क व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी, शिक्षा क्षेत्र की चुनौतियों और बढ़ती बेरोजगारी जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है, लेकिन सरकार का पूरा ध्यान विपक्ष पर हमले करने में लगा हुआ है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनावों के दौरान प्रदेश की जनता से 10 बड़ी गारंटियां देने का वादा किया था। आज प्रदेश की जनता उन गारंटियों के क्रियान्वयन का इंतजार कर रही है। महिलाओं को आर्थिक सहायता, युवाओं को रोजगार, किसानों-बागवानों के हितों और कर्मचारियों से जुड़े अनेक वादों पर अभी तक संतोषजनक प्रगति दिखाई नहीं दे रही है। मुख्यमंत्री को विपक्ष पर निशाना साधने के बजाय अपनी सरकार के वादों और गारंटियों को पूरा करने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।

भाजपा नेता ने कहा कि जनता ने मुख्यमंत्री को प्रदेश के विकास के लिए चुना है, राजनीतिक मंचों पर मनोरंजन करने के लिए नहीं। मुख्यमंत्री यदि इसी तरह व्यक्तिगत टिप्पणियों और हल्की राजनीतिक भाषा का सहारा लेते रहे तो प्रदेश की जनता आने वाले समय में इसका जवाब अवश्य देगी।

विश्व चक्षु ने कहा कि भाजपा मुख्यमंत्री से अपेक्षा करती है कि वे बयानबाजी और राजनीतिक कटाक्ष छोड़कर प्रदेश के विकास, आर्थिक सुधार, युवाओं के भविष्य और कांग्रेस द्वारा दी गई 10 गारंटियों को पूरा करने की दिशा में गंभीरता से कार्य करें। हिमाचल प्रदेश की जनता अब घोषणाओं और आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर परिणाम देखना चाहती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!