राजनीतिराष्ट्रीयवीडियोहिमाचल प्रदेश

धर्मशाला में सोनिया गांधी और कांग्रेस के खिलाफ जमकर बरसी भाजपा

'वंदे मातरम' के अपमान पर भड़का युवा मोर्चा

धर्मशाला।

राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के कथित अपमान को लेकर हिमाचल प्रदेश की राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। धर्मशाला के कचहरी चौक पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। शाम करीब 6 बजे एकजुट हुए कार्यकर्ताओं ने वंदे मातरम का सामूहिक गायन कर राष्ट्र के प्रति अपनी अटूट आस्था प्रकट की और कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा प्रहार किया।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री शाश्वत कपूर ने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्षा सोनिया गांधी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम के गायन को बीच में रुकवाने का प्रयास किया गया, जो न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है बल्कि करोड़ों भारतीयों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है।

शाश्वत कपूर ने कड़े शब्दों में कहा कि वंदे मातरम केवल एक गीत नहीं, बल्कि हमारे स्वतंत्रता संग्राम की वह मशाल है जिससे प्रेरणा लेकर अनगिनत क्रांतिकारियों ने हंसते-हंसते फांसी के फंदे को चूम लिया था। यह देश की आत्मा है। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि कांग्रेस का इतिहास और उसकी मानसिकता हमेशा से भारत विरोधी रही है, और राष्ट्रगीत के प्रति यह अपमानजनक रवैया उसी सोच का परिणाम है।

युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि राष्ट्रहित और राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान भाजपा और युवा मोर्चा के लिए सर्वोपरि है। इससे किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं में इस घटना को लेकर गहरा रोष है, जिसका जवाब आने वाले समय में जनता कांग्रेस को जरूर देगी।

धर्मशाला के इस प्रदर्शन में भारी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और नारेबाजी के जरिए कांग्रेस से अपनी ‘राष्ट्र विरोधी’ सोच को त्यागने की अपील की। कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे राष्ट्र के सम्मान की रक्षा के लिए देशभर में इसी तरह आवाज बुलंद करते रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!