धर्मशाला।
हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्थित लाला लाजपत राय सुधार गृह (जेल) में आज दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब कैदियों के दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। दोपहर लगभग 12:15 बजे शुरू हुए इस खूनी संघर्ष में तीन कैदी और जेल प्रशासन के 4-5 कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जेल परिसर में भारी पुलिस बल और QRT (क्विक रिस्पांस टीम) को तैनात किया गया है।
हिंसक झड़प में ये हुए घायल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस संघर्ष में कुल 10 लोग घायल हुए हैं, जिनमें राहुल, अजीत, शिव राम, राकेश वर्मा, सूरज प्रकाश, हरदीप, नरेंद्र, अजय कुमार और जेल वार्डर धीरज शामिल हैं। सभी घायलों को तुरंत धर्मशाला जोनल अस्पताल ले जाया गया, जहां से दो पुलिसकर्मियों और एक कैदी (अजय) की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें आरपीजीएमसी (RPGMC) टांडा रेफर कर दिया गया है।
विवाद में शामिल मुख्य कैदी
इस हिंसक घटना में शामिल कैदियों की पहचान हो गई है:
अजय (27): निवासी पंचकूला, हरियाणा। (गंभीर रूप से घायल)
शुभम: निवासी नालागढ़ (सोलन)। यह धारा 307 के तहत विचाराधीन कैदी है।
अभिषेक राणा (19): निवासी धीरापुर। यह धारा 302 (हत्या) के मामले में सजा काट रहा है।
राहुल: निवासी कांगड़ा। पुलिस इसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
मौके पर पहुंचे आला अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही जिला पुलिस की सदर टीम और क्यूआरटी ने मोर्चा संभाला और स्थिति को नियंत्रण में लिया। एसपी कांगड़ा ने स्वयं जेल परिसर और जोनल अस्पताल का दौरा कर घायलों का हाल जाना और जेल के भीतर कानून-व्यवस्था की समीक्षा की।
कानूनी कार्रवाई तेज
जेल प्रशासन की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जेल के भीतर यह संघर्ष किस बात को लेकर शुरू हुआ, इसकी गहन जांच की जा रही है। वर्तमान में जेल के अंदर स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात रखा गया है।



