‘खटाखट’ के वादे ने हिमाचल को बनाया ‘खटारा’, अब सोनिया-राहुल के नाम पर सेस लगाएगी सुक्खू सरकार: अनुराग
हिमाचल में 'लूटकेस, बूटकेस और सूटकेस' की सरकार
धर्मशाला।
पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए तीखा हमला बोला है। धर्मशाला में आयोजित ‘पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ’ के जिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए ठाकुर ने कहा कि जो राहुल गांधी चुनाव से पहले ‘खटाखट’ पैसे देने का दम भर रहे थे, उनकी सरकार ने आज हिमाचल के पूरे सिस्टम को ‘खटारा’ बनाकर रख दिया है।
सोनिया-राहुल और प्रियंका सेस’ की तैयारी में सरकार
प्रदेश में हालिया डीजल-पेट्रोल की कीमतों में हुई वृद्धि पर कटाक्ष करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार बहाने बनाकर जनता पर कर का बोझ लाद रही है। जिस तरह की इनकी कार्यशैली है, वह दिन दूर नहीं जब ये पेट्रोल-डीजल पर ‘राहुल सेस’, ‘प्रियंका सेस’ और ‘सोनिया सेस’ भी लगा दें। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश में विकास ठप है और यह सरकार सिर्फ ‘खाओ-पियो-मौज करो’ की नीति पर चल रही है।

लूटकेस, बूटकेस और सूटकेस’ वाली सरकार
सांसद ने सुक्खू सरकार को ‘लूटकेस, बूटकेस और सूटकेस’ की सरकार करार दिया। उन्होंने इसकी व्याख्या करते हुए कहा कि ‘लूटकेस’ का अर्थ सरकारी खजाने की लूट है, ‘बूटकेस’ उन प्रशासनिक जूतों का प्रतीक है जिससे आम जनता और मीडिया की आवाज दबाई जा रही है, और ‘सूटकेस’ भ्रष्टाचार का जरिया बन चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पाताल में जा चुकी है और माफिया राज चरम पर है।
पेंशनरों के हक की आवाज: ‘खैरात नहीं, अधिकार है सम्मान’
कर्मचारियों और पेंशनरों की लंबित मांगों का मुद्दा उठाते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि पेंशन कोई खैरात नहीं, बल्कि कर्मचारियों के जीवनभर की सेवा का सम्मान है। उन्होंने कहा कि प्रदेश पर 1 लाख 10 हजार करोड़ का कर्ज होने के बावजूद सरकार फिजूलखर्ची में व्यस्त है, जबकि पेंशनरों का 15% डीए और 2016 से लंबित वित्तीय लाभ नहीं दिए जा रहे हैं। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार द्वारा लागू ‘वन रैंक-वन पेंशन’ और ‘डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र’ जैसी सुविधाओं का हवाला देते हुए भाजपा को कर्मचारी हितैषी बताया।

वायदाखिलाफी पर घेरा: युवा और महिलाएं मांग रहे हिसाब
ठाकुर ने कांग्रेस के चुनावी घोषणापत्र को ‘झूठ का पुलिंदा’ बताते हुए कहा कि 5 लाख नौकरियां और महिलाओं को ₹1500 देने का वादा महज चुनावी जुमला साबित हुआ। उन्होंने राहुल गांधी को ‘रील’ वाला नेता बताते हुए कहा कि वास्तविकता की धरातल पर कांग्रेस पूरी तरह विफल है। ठाकुर ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि हिमाचल की जनता अब कांग्रेस की ‘वायदाखिलाफी’ का हिसाब अपने वोट की चोट से करेगी और इस सरकार को ‘फटाफट’ विदा करने का मन बना चुकी है।



