सराह वासियों का इंतजार खत्म: धर्मशाला के लिए इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू
देवेंद्र जग्गी ने दिखाई हरी झंडी
धर्मशाला।
सराह क्षेत्र के निवासियों के लिए आज का दिन बड़ी सौगात लेकर आया है। स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को अमलीजामा पहनाते हुए आज सोमवार को सराह से धर्मशाला के बीच हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की नई इलेक्ट्रिक बस सेवा का विधिवत शुभारंभ किया गया। कांग्रेस नेता देवेंद्र जग्गी ने विशेष रूप से उपस्थित होकर बस को हरी झंडी दिखाई और पहले सफर के लिए रवाना किया।
यह बस सेवा क्षेत्र के विकास और सुगम परिवहन की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। लंबे समय से स्थानीय जनता इस रूट पर बस सेवा शुरू करने का आग्रह कर रही थी, जिसे सरकार और विभाग ने प्राथमिकता देते हुए आज पूरा कर दिया है।
निर्धारित शेड्यूल के अनुसार यह इलेक्ट्रिक बस प्रतिदिन प्रातः 7:30 बजे सराह से धर्मशाला के लिए प्रस्थान करेगी। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह बस न केवल पर्यावरण के अनुकूल है, बल्कि इससे स्थानीय व्यापारियों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को काफी सुविधा होगी।
इस अवसर पर देवेंद्र जग्गी ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान और उन्हें बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि आने वाले समय में क्षेत्र की अन्य मांगों को भी चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। बस सेवा शुरू होने पर क्षेत्र के लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए प्रशासन और कांग्रेस नेता का आभार व्यक्त किया है।



