पालमपुर के इतिहास में 19 को फिर दर्ज होगा एक महत्वपूर्ण अध्याय: त्रिलोक कपूर
भाजपा के प्रमुख नेताओं की उपस्थिति में होगा ऐतिहासिक बैठक की स्मृति में एक पट्टिका का अनावरण
पालमपुर।
19 अक्टूबर 2026 को रोटरी भवन पालमपुर में एक ऐतिहासिक कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है। पांच सौ वर्षों के संघर्ष के बाद अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर के निर्माण का संकल्प पालमपुर में लिया गया था। इस ऐतिहासिक निर्णय के साथ पालमपुर का नाम भी राम मंदिर आंदोलन के इतिहास में महत्वपूर्ण रूप से जुड़ गया है। इसी कड़ी में 19 अक्टूबर को उसी ऐतिहासिक स्थल पर उस समय की ऐतिहासिक बैठक की स्मृति में एक पट्टिका का अनावरण किया जाएगा। इस पट्टिका का अनावरण उस समय के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं बैठक में उपस्थित रहे शांता कुमार द्वारा किया जाएगा। यह जानकारी हिमाचल भाजपा के प्रदेश वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने प्रेस को जारी बयान में कही है।
भाजपा नेता त्रिलोक कपूर ने बताया कि 9 से 11 जून 1989 को रोटरी भवन पालमपुर में भाजपा की राष्ट्रीय कार्य समिति की बैठक हुई थी। इसी बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि जब तक अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण नहीं हो जाता, तब तक भाजपा चैन से नहीं बैठेगी। बैठक में लालकृष्ण आडवाणी, अटल बिहारी वाजपेयी, विजया राजे सिंधिया सहित देशभर के 100 से अधिक भाजपा नेता उपस्थित रहे थे।
त्रिलोक कपूर ने कहा कि बैठक के बाद लालकृष्ण आडवाणी ने सोमनाथ से अयोध्या के लिए यात्रा निकाली। देश में एक बड़ा आंदोलन खड़ा हुआ और अंततः 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में भगवान श्री राम लल्ला की प्राण-प्रतिष्ठा हुई। राम मंदिर के निर्माण के इतिहास के साथ रोटरी भवन और पालमपुर का नाम भी हमेशा के लिए जुड़ गया है।
कपूर ने कहा कि रोटरी पालमपुर ने इस कार्यक्रम को और भी महत्वपूर्ण बनाने का निर्णय लिया है। इसी अवसर पर रोटरी पालमपुर के संस्थापक डॉ. शिव कुमार की प्रतिमा का भी अनावरण किया जाएगा। पालमपुर में चहुंमुखी सेवा कार्यों में डॉ. शिव कुमार का विशेष योगदान रहा है। राम मंदिर निर्माण के संबंध में हुए ऐतिहासिक आंदोलन में भी वह अन्य साथियों के साथ अयोध्या गए थे।
कपूर ने कहा कि 19 अक्टूबर का यह कार्यक्रम पालमपुर के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में दर्ज होगा। इस कार्यक्रम में रोटरी संस्था के पदाधिकारियों एवं भाजपा के प्रमुख नेताओं की उपस्थिति रहेगी। उन्होंने सभी राम भक्तों से आग्रह किया कि वह 19 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे रोटरी भवन, पालमपुर पहुंचकर इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के साक्षी बनें।



