धर्मशाला क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों को स्थानीय विधायक पचा नहीं पा रहे: देवेंद्र जग्गी
आइस स्केटिंग रिंक से पैदा होंगे रोजगार के नए अवसर, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
धर्मशाला।
धर्मशाला के पूर्व महापौर देवेंद्र सिंह जग्गी ने धर्मशाला के सकोह में 33.78 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इंडोर आइस स्केटिंग रिंक और रोलर स्केटिंग रिंक की आधारशिला रखने के लिए मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू का आभार जताया है।
देवेंद्र जग्गी ने कहा कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना धर्मशाला में खेल सुविधाओं को सुदृढ़ करने के साथ-साथ युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर प्रदान करेगी। इस परिसर में जिम, बिलियर्ड्स रूम, कैफे, वीआईपी लाउंज, दर्शकों के बैठने की व्यवस्था और 250 वाहनों की पार्किंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह परियोजना खेल, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

जग्गी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू के नेतृत्व में धर्मशाला सहित पूरे प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिल रही है। जग्गी ने कहा कि स्थानीय विधायक क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों को पचा नहीं पा रहे हैं। विकास कार्यों का स्वागत करने के बजाय वे राजनीतिक दृष्टिकोण से उन्हें देख रहे हैं। क्षेत्र की जनता विकास चाहती है और प्रदेश सरकार जनहित में लगातार कार्य कर रही है।
पूर्व मेयर जग्गी ने कहा कि धर्मशाला में इस तरह की आधुनिक खेल सुविधाओं का निर्माण क्षेत्र के युवाओं के भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे जहां क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा वहीं स्थानीय युवाओं को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और जनहित की परियोजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है।



