हिमाचल : आज रात 12 से पंचायतें भंग, अधिसूचना जारी, इन्हें मिली जिम्मेदारी
प्रदेश में 30 हजार जनप्रतिनिधियों का कार्यकाल समाप्त
धर्मशाला।
हिमाचल प्रदेश में आज रात 11:59 बजे के बाद प्रदेश की 3,586 पंचायतों में पांच साल पूर्व चुने गए 30,000 जनप्रतिनिधियों का कार्यकाल समाप्त हो जाएगा। इसके साथ ही सभी पंचायतें भी भंग हो जाएंगी। ऐसे में 01 फरवरी 2026 से पंचायतों में प्रदेश सरकार के निर्देश पर प्रशासकीय व्यवस्था लागू हो जाएगी। पंचायतों के भंग होने के साथ ही विकास कार्यों और प्रशासनिक निर्णयों का कंट्रोल अब प्रशासकों के हाथों में होगा।
आपको बता दें कि प्रदेश में पंचायतीराज संस्थाओं के कार्यकाल का आज अंतिम दिन है। आज शनिवार को प्रदेश सरकार की ओर से प्रशासकों की तैनाती कर दी गई है। इस संबंध में पंचायतीराज विभाग की ओर से अधिसूचना भी जारी की गई है। अधिसूचना के अनुसार समितियों का गठन करके ग्राम पंचायतों, पंचायत समितियों और जिला परिषदों की सभी शक्तियों का प्रयोग और कार्यों को किया जाएगा। फरवरी से अब पंचायतीराज विभाग की ओर से जारी मोहर का भी कोई औचित्य नहीं रहेगा। पंचायतों में विकास कार्यों की देखरेख से लेकर नए कार्य प्रशासक ही कराएंगे।

अब पंचायतों में समितियां ऐसे करेंगी काम
* प्रदेश में ग्राम पंचायतों के लिए खंड विकास अधिकारी को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि पंचायत सचिव सदस्य सचिव होगा।
* पंचायत समिति के लिए समिति में मुख्य कार्यकारी अधिकारी पंचायत समिति को अध्यक्ष और सामाजिक शिक्षा और खंड योजना अधिकारी सदस्य होगा।
* उक्त पद खाली होने की स्थिति में बीडीओ की ओर से नामित एक अधिकारी शामिल होगा।
* सदस्य सचिव के रूप में पंचायत निरीक्षक या उप निरीक्षक नियुक्ति होंगे।
* जिला परिषद के लिए समिति में मुख्य कार्यकारी अधिकारी को अध्यक्ष जिला विकास अधिकारी सदस्य और जिला पंचायत अधिकारी को सदस्य सचिव बनाया गया है।
* केंद्रीय वित्त आयोग अनुदान के संबंध में भुगतान के उद्देश्य से, सदस्य सचिव संबंधित पंचायतों के लिए मेकर होंगे और समिति के अध्यक्ष चेकर होंगे।
इन पंचायतों में लागू नहीं होगा आदेश
प्रदेश में सब डिवीजन केलांग की सभी ग्राम पंचायतों और पंचायत समितियों, लाहौल-स्पीति, जिला चंबा के सब डिवीजन पांगी में ग्राम पंचायतों और पंचायत समितियों और जिला कुल्लू की 4 ग्राम पंचायतों का कार्यकाल समाप्त नहीं होगा।
अभी तक हैं 55.19 लाख वोटर
हिमाचल चुनाव आयोग के अनुसार प्रदेश में 55.19 लाख मतदाता हैं। इनमें करीब 27,93,161 पुरुष और 27,26,548 महिलाएं हैं। कांगड़ा में 13,17,390, चंबा में 422091, मंडी में 865432, ऊना में 437287, शिमला में 517149, सोलन में 420552, सिरमौर में 411481, बिलासपुर में 330655, हमीरपुर में 378151, किन्नौर में 5887, लाहौल स्पीति में 25602, कुल्लू में 335042 मतदाता हैं।
पंचायत चुनाव की प्रक्रिया शुरू
राज्य निर्वाचन आयोग के आदेशानुसार जिला उपायुक्तों ने मतदाता सूचियों का प्रकाशन शुरू कर दिया है। जिला उपायुक्त कार्यालय शिमला ने पिछले कल यानि शुक्रवार को मतदाता सूची जारी कर दी। जिन लोगों के नाम मतदाता सूची में नहीं हैं वे दो रुपए देकर पंचायत सचिव और बीडीओ कार्यालय में अपने वोट बनवा सकते हैं। पंचायतों में दो रुपए और शहरी निकाय में पचास रुपए देकर लोग वोट बना सकेंगे। चुनाव शेड्यूल जारी होने तक नए मतदाता अपने नाम मतदाता सूची में दर्ज करवा सकेंगे। ध्यान रहे जो मतदाता सूची सार्वजनिक हो चुकी है, उससे नाम नहीं हटेंगे।



