
धर्मशाला।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर आज बुधवार को धर्मशाला में पीएनबी मंडल ऑफिस के बाहर कार्यदिवस की समाप्ति के पश्चात पीएनबी के कर्मचारियों ने पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने की मांग पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के अधिकारी एवं कर्मचारी ने जमकर नारेबादी की। बैंक के कर्मचारियों ने कहा कि पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह कोई नई या अचानक उठाई गई मांग नहीं है। बैंक प्रबंधन की प्रतिनिधि संस्था इंडियन बैंकर्स एसोसिएशन और बैंकिंग उद्योग के श्रमिक संगठनों के बीच इस मुद्दे पर विधिक/ द्विपक्षीय सहमति बन चुकी है। इसके बावजूद सरकार और उसका डिपार्टमेंट ऑफ फाइनेंशियल सर्विसेज इस मामले को अनावश्यक रूप से लंबित रखे हुए है। उन्होंने कहा कि जब बैंक प्रबंधन और कर्मचारी संगठनों के बीच सहमति बन चुकी है तो सरकार द्वारा निर्णय को टालने का कोई औचित्य नहीं है।
मदन लाल सर्किल सेक्रेटरी पीएनबी ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा लगातार ऊर्जा संरक्षण और ऊर्जा बचत का आह्वान किया जाता रहा है। ऐसे में बैंकिंग क्षेत्र में भी ऊर्जा की बचत के लिए 5 दिवसीय बैंकिंग सप्ताह महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है। बैंक कर्मचारी संगठनों ने सरकार को पर्याप्त समय दिया है। अब इस मुद्दे पर अनिश्चितकालीन प्रतीक्षा स्वीकार नहीं की जाएगी। आईबीए और बैंक यूनियनों के बीच बनी सहमति को लागू कराने के लिए देशभर में चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा।



