“नई पीढ़ी की मीडिया व्यक्ति को फर्श से अर्श तक पहुंचा सकती है”
केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश में डिजिटल स्टोरीटेलिंग पर कार्यशाला का आयोजन
धर्मशाला।
केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश के स्कूल ऑफ जर्नलिज्म, मास कम्युनिकेशन एंड न्यू मीडिया ने पब्लिक मीडिया टेक फाउंडेशन के सहयोग से 2 दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया।
केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला के कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल ने मुख्य अतिथि योगेन्द्र चौधरी (सेवानिवृत्त IRS अधिकारी) का हिमाचली टोपी और शॉल भेंटकर स्वागत किया।
प्रो. बंसल ने PMTF के ट्रस्टी शलभ उपाध्याय की सराहना की, जो युवा डिजिटल क्रिएटर्स को आधुनिक तकनीकी उपकरणों से लैस कर उनकी प्रतिभा को निखारने का काम कर रहे हैं। प्रो. बंसल ने भारत की सकारात्मक छवि को डिजिटल माध्यमों से विश्व पटल पर उजागर करने में इस कार्यशाला की भूमिका की भी प्रशंसा की।

इस अवसर पर योगेन्द्र चौधरी ने केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई पीढ़ी की मीडिया और कंटेंट क्रिएशन में वह असाधारण शक्ति है जो जमीनी स्तर के व्यक्ति को फर्श से अर्श तक पहुंचा सकती है और समाज को एक नई दिशा दे सकती है। यही डिजिटल युग की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक ताकत है।
कार्यशाला में सुधांशु सिंह भृगुवंशी, मनोज्ञा तिवारी और शशांक सिंह ने डिजिटल कंटेंट निर्माण की बारीकियों पर प्रभावशाली सत्र प्रस्तुत किए। प्रायोगिक प्रशिक्षण में AI के उपयोग और डिजिटल कंटेंट क्रिएशन के व्यावहारिक पहलुओं को भी समाहित किया गया।

कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र और किट के वितरण के साथ हुआ। इसके पश्चात चाय-परिचर्चा के दौरान सभी ने एक-दूसरे से विचार साझा किएl


