जयराम ठाकुर की अधिकारियों को दो टूक; मर्यादाएं लांघी तो बहुत महंगा पड़ेगा
उन अधिकारियों को कड़ी चेतावनी जो सरकार के इशारे पर नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को कर रहे दबाव डालकर परेशान
मंडी।
सरकार के इशारे पर कुछ अधिकारी नव निर्वाचित जन प्रतिनिधियों को प्रताड़ित करने के लिए मर्यादाएँ लांघ रहे हैं। उन्हें यह बात समझ लेनी चाहिए कि उन्हें बहुत महंगा पड़ेगा। इस सरकार के साथ वह अपना भविष्य न जोड़ें। अधिकारी नियम क़ानून के दायरे में रहकर काम करें और जनमत का सम्मान करें। यह कहना है पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर।
बुधवार को थुनाग में सराज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों, पंचायत समितियों और जिला परिषद वार्डों के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से भेंट एवं संवाद के दौरान उन्होंने यह बातें कहीं। जयराम ठाकुर ने खौली, लंबाथाच, शिल्हीबागी, गत्तू, संगलवाड़ा, खारशी, बागाचनोगी सहित ब्रयोगी, रोड एवं मझोठी के नवनिर्वाचित सदस्यों को उनकी शानदार विजय और नवीन दायित्व के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान करसोग विधानसभा के चारों जिला परिषद वार्डों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की प्रचंड जीत के बाद नवनिर्वाचित सदस्यों ने विधायक दीप राज की अध्यक्षता में और विकास खंड जंजैहली के भाजपा समर्थित नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों ने भी नेता प्रतिपक्ष से विशेष मुलाकात की।
जयराम ठाकुर ने सभी जनप्रतिनिधियों में जोश भरते हुए कहा कि जनता ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उस पर खरा उतरते हुए वे सभी जनसेवा के प्रति समर्पित भाव से कार्य करेंगे। साथ ही अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों के सतत, समग्र एवं संतुलित विकास को नई दिशा देकर उन्हें सशक्त व समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे क्योंकि विकसित पंचायत से ही विकसित विधानसभा का सपना साकार होगा।
इस अवसर पर प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि यह जनादेश वर्तमान सरकार की जनविरोधी नीतियों के प्रति जनता के भारी आक्रोश और भाजपा के प्रति लगातार बढ़ते विश्वास का स्पष्ट प्रमाण है, और निश्चित रूप से आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस के कुशासन का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देते हुए उसे कड़ा सबक सिखाएगी।
अपना भविष्य जोड़ने की भूल कतई न करें
जयराम ठाकुर ने सरकारी तंत्र के दुरुपयोग पर गहरी चिंता और नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को सीधे शब्दों में कड़ा अल्टीमेटम दिया कि जो अधिकारी सरकार के इशारे पर हमारे भाजपा समर्थित जनप्रतिनिधियों को परेशान कर रहे हैं, वे साफ़-साफ़ सुन लें कि यह हरकतें उन्हें बहुत महंगी पड़ेंगी। अधिकारी अपनी मर्यादाएं न लांघें और इस जनविरोधी सरकार के साथ अपना भविष्य जोड़ने की भूल कतई न करें। उन्होंने एक गंभीर आरोप लगाते हुए खुलासा किया कि चंबा में भाजपा समर्थित एक प्रतिनिधि के घर पर प्रशासन की टीम भेजकर उनके मकान की पैमाइश करवाई गई और उन्हें डराया-धमकाया गया कि यदि उन्होंने कांग्रेस का साथ नहीं दिया तो उनका मकान गिरा दिया जाएगा, जो कि बेहद निंदनीय और अलोकतांत्रिक है।
असफलता को छुपाने का निरर्थक प्रयास
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि स्थानीय निकाय और पंचायत चुनाव के परिणाम कांग्रेस के पक्ष में न आने के कारण मुख्यमंत्री पूरी तरह बौखलाहट में हैं और वे झूठे व गलत आंकड़े पेश कर अपने दिल्ली हाई कमान की नजरों से अपनी राजनीतिक असफलता को छुपाने का निरर्थक प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि मुख्यमंत्री ने अपनी हार के डर से चुनाव से पहले भी इन चुनावों को टालने का हरसंभव प्रयास किया था क्योंकि उन्हें भली-भांति पता था कि जनता उन्हें नकार चुकी है, और अब परिणाम भाजपा के पक्ष में आने के बाद भी वे अपनी हार को पचा नहीं पा रहे हैं तथा आगे भी कई तरह के हथकंडे अपनाने से बाज नहीं आएंगे।
दवाब या धमकियों से बिल्कुल न डरें
जयराम ठाकुर ने दावा किया कि जनविरोधी नीतियों के कारण इस मुख्यमंत्री के पैरों तले जमीन पूरी तरह खिसक चुकी है और जनता ने कांग्रेस के खिलाफ अपना स्पष्ट जनादेश सुना दिया है, जिसे मुख्यमंत्री झूठे आंकड़ों के पीछे नहीं छिपा सकते। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे प्रशासनिक दवाब या धमकियों से बिल्कुल न डरें, निडर होकर जनता की सेवा करें क्योंकि भाजपा पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है और भाजपा के साथ ही उनका भविष्य पूरी तरह सुरक्षित है।
उन्होंने कहा कि इन चुनावों में हर वर्ग ने भाजपा का साथ दिया है क्योंकि इस सरकार ने किसान-बागवान, महिलाओं, बेरोजगारों, कर्मचारी वर्ग और व्यापारियों को बहुत परेशान और निराश किया है। हमने हर मंच पर सरकार की उन गलत नीतियों का विरोध किया है जो जनता के हित में नहीं है। हमारे विरोध करने के तरीके से मुख्यमंत्री और उनके मंत्री असहज हो उठते हैं। उन्हें ये नहीं भूलना चाहिए कि हम विपक्ष में हैं और आप हमें जनता की आवाज़ बनने से नहीं रोक सकते। जनता ने भाजपा को अपना समर्थन दिया है तो इससे मुख्यमंत्री को विचलित नहीं होना चाहिए। आप अच्छा करते तो जनता आपके साथ चलती लेकिन जनता ने आपको आपके कारनामों को देखते हुए सबक सिखाया है। अभी तो ये सेमीफाइनल था और आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा इस सरकार को उखाड़ फेंकेगी।


