बेटियों के बीच बैठकर किया भोजन, सुनीं मन की बात: खंडवा में मंत्री डॉ. विजय शाह का संवेदनशील अंदाज
जनजातीय कार्य मंत्री ने अधिकारियों को दिए समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश
खंडवा।
मध्य प्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने रविवार को खंडवा स्थित कन्या छात्रावासों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मंत्री ने न केवल छात्राओं से सीधा संवाद किया, बल्कि उनके बीच ज़मीन पर बैठकर भोजन भी किया, जिससे प्रशासन और विद्यार्थियों के बीच की दूरी कम होती नजर आई।
मंत्री डॉ. शाह ने वीरांगना रानी दुर्गावती उत्कृष्ट छात्रावास, सीनियर कन्या छात्रावास और महाविद्यालयीन कन्या छात्रावास का भ्रमण किया। उन्होंने छात्राओं से छात्रावास में मिलने वाली सुविधाओं, भोजन की गुणवत्ता और रहने के दौरान आने वाली चुनौतियों के बारे में विस्तार से चर्चा की। छात्राओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए, मंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और समस्याओं के तत्काल निराकरण के निर्देश दिए।

शिक्षा और सशक्तिकरण का संकल्प
छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए डॉ. शाह ने कहा कि प्रदेश सरकार जनजातीय वर्ग की बेटियों को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने और उन्हें उच्च स्तरीय शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए ‘कृत संकल्पित’ है। उन्होंने आश्वस्त किया कि छात्रावासों में संसाधनों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी और छात्राओं की बेहतरी के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
इस अवसर पर जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त डॉ. नारायण सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री के इस सहज और संवेदनशील व्यवहार की छात्राओं ने भी सराहना की।
खंडवा से संवाददाता भारत गौड़ की रिपोर्ट



