यूथराष्ट्रीयवीडियोस्पोर्ट्सस्वास्थ्यहिमाचल प्रदेश

नशे के खिलाफ युवाओं ने भरी फिटनेस की हुंकार

धर्मशाला।

राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में धर्मशाला में आयोजित तीन दिवसीय खेल महोत्सव का समापन रविवार को ‘संडेज ऑन साइकिल’ के भव्य आयोजन के साथ हुआ। युवाओं को खेलों और फिटनेस के प्रति जागरूक करने तथा नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से दूर रखने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में 50 से अधिक युवाओं, एनसीसी कैडेट्स और पुलिस कर्मियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का आयोजन ‘माय भारत’ कांगड़ा, भारत सरकार के खेल मंत्रालय और साई स्पोर्ट्स हॉस्टल धर्मशाला के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एसपी कांगड़ा, कुलभूषण वर्मा ने किया। इस दौरान प्रतिभागियों ने साइकिलिंग के जरिए पूरे शहर में ‘फिटनेस और नशामुक्ति’ का प्रभावी संदेश प्रसारित किया। केवल साइकिलिंग ही नहीं, बल्कि युवाओं के समग्र विकास के लिए योग और रोप स्किपिंग जैसी गतिविधियां भी आयोजित की गईं। योग सत्र में काफी संख्या में एनएसएस की वालंटियर सेहत एसपी कुलभूषण वर्मा, ‘माय भारत’ कांगड़ा के डिप्टी डायरेक्टर ध्रुव डोगरा, साईं के सहायक निदेशक जेपी शानी सहित अन्य अधिकारियों व युवाओं ने हिस्सा लिया।

‘माय भारत’ कांगड़ा के डिप्टी डायरेक्टर ध्रुव डोगरा ने बताया कि ‘संडेज ऑन साइकिल’ पहल के तहत प्रत्येक रविवार को युवाओं को कम से कम आधा घंटा साइकिल चलाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि वे स्वस्थ जीवनशैली अपना सकें।

एसपी कुलभूषण वर्मा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के दौर में युवा तेजी से मोबाइल स्क्रीन और नशे के जाल में फंस रहे हैं। खेल न केवल शरीर को फिट रखते हैं, बल्कि युवाओं को एक सकारात्मक और रचनात्मक दिशा प्रदान करने का सबसे सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में उपलब्ध साई ग्राउंड और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाओं का युवाओं को भरपूर लाभ उठाना चाहिए।

कार्यक्रम के अंत में युवाओं से यह आह्वान किया गया कि वे नशे जैसी सामाजिक बुराई को त्यागकर खेलों और शारीरिक गतिविधियों को अपने दैनिक जीवन का अनिवार्य हिस्सा बनाएं, ताकि एक स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!