हिम क्वेस्ट 2026: पांच टॉपर जाएंगे ‘इसरो’
क्रितिश, संकेत, आरवी, साई अचिंत्य और आस्था ने प्रदेश में हासिल किया पहला स्थान
घुमारवीं।
मिनर्वा स्टडी सर्कल घुमारवीं की ओर से आयोजित हिम क्वेस्ट टैलेंट सर्च एग्जाम-2026 का परिणाम घोषित कर दिया गया है। परीक्षा में विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। जमा दो कक्षा में कांगड़ा जिले के गुप्त गंगा स्थित डीपीएवी कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के क्रितिश कुमार ने प्रदेशभर में प्रथम स्थान हासिल किया। जमा एक में देहरा पब्लिक स्कूल खबली के संकेत धीमान, आठवीं में मिनर्वा सीनियर सेकेंडरी स्कूल घुमारवीं की आरवी भाटिया, नौवीं में सैक्रेड हार्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल सिद्धपुर के साई अचिंत्य गुलेरिया और दसवीं कक्षा में शिव पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल मोहालविन की आस्था शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। संस्थान की ओर से 26 अक्तूबर को एनआईटी हमीरपुर में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। विद्यार्थियों को उनकी मेरिट के आधार पर छात्रवृत्ति और आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
टॉप टेन में जमा दो में मिनर्वा के 6 विद्यार्थी
पर्णिका शर्मा, पुष्कल ठाकुर, दैव्या, कार्तिक चंदेल, सना और लोविश गुप्ता ने टॉप टेन में जगह बनाई। शिमला जिले के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटखाई की अदिति नेगी और हमीरपुर जिले के कंगू स्थित टीआर डीएवी पब्लिक स्कूल की रिधिमा ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए सातवां स्थान हासिल किया।
जमा एक में संकेत धीमान प्रथम
देहरा पब्लिक स्कूल खबली के संकेत धीमान प्रदेशभर में प्रथम रहे। इसी स्कूल के मन्नत, कार्तिक ठाकुर और भरत गुलेरिया ने भी टॉप टेन में जगह बनाई। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मुंडखर के ऋषभ, अंशिका शर्मा और प्रियेश ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। शिवालिक इंटरनेशनल कॉन्वेंट स्कूल भट्टी खौला के दिव्यांश धीमान छठे, मिनर्वा सीनियर सेकेंडरी स्कूल घुमारवीं के वैभव वर्मा सातवें और मिनर्वा स्टडी सर्कल धर्मशाला की सिमरन शर्मा दसवें स्थान पर रहीं।

दसवीं में आस्था शर्मा ने मारी बाजी
10वीं कक्षा में शिव पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल मोहालविन की आस्था शर्मा ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि संशिता शर्मा नौवें स्थान पर रहीं। नॉर्थ स्टार पब्लिक स्कूल अपर दट्टल, पालमपुर की रिधिमा, सोनल भाटिया और अनन्या कश्यप ने भी टॉप टेन में स्थान बनाया। मिनर्वा सीनियर सेकेंडरी स्कूल घुमारवीं के आद्यंत सिंह मल्होत्रा, डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल बिलासपुर के अर्णब शर्मा, विनायका पब्लिक स्कूल लदरौर की आराध्या, शिव शक्ति कॉन्वेंट स्कूल कसारू के युग चौहान और आर्मी पब्लिक स्कूल योल कैंट के अथर्व पांडे ने भी मेरिट सूची में जगह बनाई।
नौवीं में मिनर्वा के छह विद्यार्थी मेरिट सूची में
सैक्रेड हार्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल सिद्धपुर के साई अचिंत्य गुलेरिया प्रदेशभर में प्रथम रहे। मिनर्वा सीनियर सेकेंडरी स्कूल घुमारवीं के छह विद्यार्थियों सोमिल कपिल, मेधा शर्मा, विहान ठाकुर, सोनल, वैभव अग्निहोत्री और प्रत्युष गुलेरिया ने टॉप टेन में जगह बनाकर स्कूल का नाम रोशन किया। देहरा पब्लिक स्कूल खबली की निविषा गुलेरिया तीसरे स्थान पर रहीं, जबकि त्रिफालघाट के नैतिक चंदेल और अर्णव चंदेल ने क्रमशः चौथा और पांचवां स्थान हासिल किया।
आठवीं में आरवी भाटिया प्रदेशभर में प्रथम
मिनर्वा सीनियर सेकेंडरी स्कूल घुमारवीं की आरवी भाटिया ने प्रदेशभर में पहला स्थान प्राप्त किया। इसी स्कूल के दर्शिक चौहान और रीवा ने भी टॉप टेन में जगह बनाई। नॉर्थ स्टार पब्लिक स्कूल अपर दट्टल, पालमपुर की आस्था पठानिया दूसरे और शिवा इंटरनेशनल स्कूल घुमारवीं की शन्वी तीसरे स्थान पर रहीं। लॉर्ड कॉन्वेंट पब्लिक स्कूल सरकाघाट के अध्ययन ठाकुर पांचवें, आईआईटी कैंपस स्कूल मंडी की भव्या वर्मा छठे, बाल भारती पब्लिक स्कूल सोलन के देवांश वशिष्ठ आठवें, गुरुकुल पब्लिक स्कूल संधू की दिव्यांशी नौवें और कांगड़ा वैली सीनियर सेकेंडरी स्कूल शीला चौक के सोहम दसवें स्थान पर रहे।

प्रथम स्थान पर इसरो भ्रमण और 100 फीसदी छात्रवृत्ति
मिनर्वा स्टडी सर्कल के सीएमडी राकेश चंदेल ने बताया कि प्रत्येक वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को इसरो भ्रमण के साथ ट्यूशन फीस पर 100 प्रतिशत छात्रवृत्ति दी जाएगी। दूसरे स्थान पर रहने वाले विद्यार्थी को लैपटॉप और 75 प्रतिशत, जबकि तीसरे स्थान के विद्यार्थी को टैबलेट और 50 प्रतिशत छात्रवृत्ति मिलेगी। चौथे और पांचवें स्थान पर रहने वाले विद्यार्थियों को स्मार्टवॉच के साथ 40 प्रतिशत छात्रवृत्ति दी जाएगी। छठे से दसवें स्थान तक 30 प्रतिशत, 11वें से 20वें स्थान तक 25 प्रतिशत, 21वें से 50वें स्थान तक 15 प्रतिशत और 51वें से 150वें स्थान तक के विद्यार्थियों को ट्यूशन फीस पर 10 प्रतिशत छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।



